लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब में मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ के आतंकवाद और सुरक्षा से जुड़े बयान को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। मामले पर अब पंजाब सरकार की ओर से सफाई दी गई है। पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के बयान को उसके मूल संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और अनावश्यक रूप से उसे राजनीतिक तथा प्रांतीय रंग दे दिया गया।

मरियम के बयान पर क्यों मचा हंगामा?

अजमा बुखारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर मरियम नवाज के एक बयान को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान में आतंकवाद और आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।

बुखारी ने कहा कि मरियम को पता है कि पाकिस्तान को किसी पड़ोसी देश से कोई खतरा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बयान को लेकर जानबूझकर ‘इंडिया कार्ड’ खेला गया।

इंडिया कार्ड खेला गया’

पंजाब की सूचना मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि मरियम के बयान पर आपत्ति क्यों जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को लेकर मुख्यमंत्री की चिंता को राजनीतिक और प्रांतीय मुद्दा बना दिया गया।

उनका दावा है कि सोशल मीडिया पर बयान को लेकर पैदा किया गया विवाद वास्तविक मुद्दे से ध्यान भटकाने वाला है।

पाकिस्तानी सेना का भी दिया हवाला

अजमा बुखारी ने अपनी सफाई में पाकिस्तानी सेना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सेना ने हालिया प्रदर्शन के जरिए यह साबित किया है कि पाकिस्तान अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम है और उसने दुनिया को ‘हक की लड़ाई’ में अपनी जीत दिखाई है।

इस पूरे विवाद के बीच पंजाब सरकार का जोर इस बात पर है कि मरियम नवाज की टिप्पणी को पड़ोसी देशों से खतरे के बयान के तौर पर नहीं, बल्कि आतंकवाद और आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।