छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में मंगलवार दोपहर मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने लगे भगवा झंडे को हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम कर्मचारियों द्वारा पोल से झंडा उतारे जाने की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों और रामलीला समिति से जुड़े लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
झंडा नीचे पड़ा मिलने पर बढ़ा विवाद
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर निगम कर्मचारियों ने पोल से भगवा झंडा उतारकर उसे नीचे रख दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने आरोप लगाया कि कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और नगर आयुक्त सीपी राय के कहने पर भगवा झंडा हटाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक नगर आयुक्त खुद मौके पर पहुंचकर झंडा दोबारा नहीं लगाएंगे, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त, खुद लगाया झंडा
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद नगर निगम आयुक्त सीपी राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद उन्होंने खुद खंभे पर केसरिया झंडा दोबारा लगा दिया।
झंडा दोबारा लगाए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और मौके पर स्थिति सामान्य हो गई।
तिरंगा लगाने की थी योजना
जानकारी के मुताबिक, खंभे पर लगे भगवा झंडे की जगह तिरंगा लगाने की योजना थी। इसी प्रक्रिया में निगम कर्मचारियों ने भगवा झंडा हटाया था। हालांकि, झंडा हटाने के तरीके को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई और मामला विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गया।
बाद में प्रशासन ने फिलहाल भगवा झंडे को उसी स्थान पर वापस लगा दिया। घटना के दौरान मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने कुछ समय के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा रहे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से भगवा झंडा हटाने के आरोपों को लेकर कोई अलग आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, झंडा दोबारा लगाए जाने के बाद स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
Comments (0)