वाराणसी। मौसम खराब होने का असर बुधवार को बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण एयरपोर्ट पर 10 उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं। इनमें शारजाह की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल रहीं। उड़ानों में देरी के चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

शारजाह से वाराणसी और फिर वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान करीब 51 मिनट की देरी से वाराणसी पहुंची। इसके बाद इसी विमान की वापसी उड़ान भी प्रभावित हुई। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान करीब पांच घंटे आठ मिनट की देरी से संचालित हुई।

इसी तरह अहमदाबाद-वाराणसी-अहमदाबाद उड़ान करीब तीन घंटे 49 मिनट की देरी से चली। इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी उड़ान 17 मिनट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी उड़ान करीब 50 मिनट की देरी से वाराणसी पहुंची। खराब मौसम के कारण अन्य उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा।

उड़ानों में देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट और आगे की यात्रा को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मौसम में सुधार के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य करने का प्रयास किया गया। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य लेते रहें।