नई दिल्ली। एयर इंडिया की फुकेत से दिल्ली आ रही ए320 उड़ान में पिछले महीने हुई गंभीर घटना को लेकर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। जांचकर्ताओं के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान ने स्टॉल वार्निंग जारी की थी। उस समय सीट बेल्ट संकेत बंद थे और अचानक हुई घटना में यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों समेत 24 लोग घायल हो गए थे।

जांच में एक और गंभीर तथ्य सामने आया है। विमान के कैप्टन का साइकोएक्टिव पदार्थ के लिए किया गया परीक्षण “नॉन-नेगेटिव” पाया गया। रिपोर्ट में इसे गंभीर चिंता का विषय माना गया है। हालांकि “नॉन-नेगेटिव” परिणाम अपने आप अंतिम पुष्टि नहीं माना जाता और मामले में आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी।

घटना और जांच में सामने आए तथ्यों के बाद विमानन सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी सवाल खड़े हुए हैं। जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम और उड़ान के दौरान पैदा हुई परिस्थितियों का विस्तृत परीक्षण कर रही हैं।