अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नई जिम्मेदारियां तय होने के बाद गुरुवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। रामघाट स्थित कार्यशाला के श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र कार्यालय में हुई बैठक में राममंदिर और ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में राममंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, महासचिव गोविंद देवगिरी, कोषाध्यक्ष महेश भागचंद, ट्रस्टी मदन मोहन पांडे सहित लेखा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ट्रस्ट में जिम्मेदारियों के बदलाव के बाद हुई इस पहली बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान ट्रस्ट के मौजूदा कामकाज, लेखा-जोखा और वित्तीय व्यवस्था की जानकारी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सामने रखी गई। प्रशासनिक कार्यों के संचालन और विभिन्न जिम्मेदारियों के समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र मिश्रा के पदभार संभालने के बाद ट्रस्ट कार्यालय में हुई यह पहली अहम बैठक है। इसके साथ ही नई प्रशासनिक व्यवस्था के तहत ट्रस्ट के कामकाज को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आने वाले दिनों में राममंदिर और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े प्रशासनिक कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और कार्यालयी व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार किए जाने की संभावना है। नई जिम्मेदारियां संभालने वाले पदाधिकारियों के बीच समन्वय और कार्यप्रणाली तय करने के लिहाज से भी इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
Comments (0)