नई दिल्ली।बिश्केक: किर्गिस्तान में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से द्विपक्षीय मुलाकात की। फरवरी 2026 में ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने द्विपक्षीय बैठक है। ऐसे समय में हुई यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है।

दोनों नेताओं की इससे पहले 2024 में रूस के कजान में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान से जुड़े क्षेत्रीय घटनाक्रमों के बीच मोदी-पेजेशकियान की बैठक पर दुनियाभर की नजर है।

बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिम एशिया में जारी तनाव जैसे अहम मुद्दे बातचीत में शामिल हो सकते हैं।

भारत और ईरान ने संघर्ष के दौरान भी लगातार संपर्क बनाए रखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले भी स्पष्ट किया था कि भारत ईरान का मित्र बना रहेगा और क्षेत्र में शांति का पक्षधर है।

SCO सम्मेलन में 17 देशों के नेता और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी ने सम्मेलन के दौरान आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से भी मुलाकात की।

वहीं, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के अगले महीने BRICS शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने की संभावना भी जताई जा रही है।