जयपुर। एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने राजस्थान में पाकिस्तान सीमा के करीब मस्जिदों पर कार्रवाई और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। जयपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि लोगों का ध्यान बुनियादी समस्याओं से हटाने के लिए धार्मिक स्थलों को मुद्दा बनाया जा रहा है।
ओवैसी ने दावा किया कि राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से करीब 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाली मस्जिदों को कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में हिंदू और मुस्लिम लंबे समय से साथ रहते आए हैं और इन इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच सामाजिक एकता बनी हुई है।
राजस्थान सरकार पर भी साधा निशाना
ओवैसी ने राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार को घेरते हुए सरकारी स्कूलों की बदहाली, अस्पतालों में सुविधाओं की कमी, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक दल धार्मिक मुद्दों को आगे कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी समान नागरिक संहिता (UCC) और कभी हिंदू-मुस्लिम मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान दूसरे सवालों से हटाने की कोशिश की जाती है।
कांग्रेस पर भी हमला
ओवैसी ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में मतदाता अब नए राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता किसी एक पार्टी को मजबूरी में वोट देने के बजाय विकल्प चाहती है।
हनुमान बेनीवाल के साथ मंच साझा किया
सभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल भी ओवैसी के साथ मंच पर मौजूद रहे। बेनीवाल ने राजस्थान सरकार पर पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में तीसरा राजनीतिक विकल्प खड़ा करने की कोशिश की जा रही है और ओवैसी के साथ हुआ समझौता विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी जारी रखने की बात कही।
Comments (0)