अमृतसर। पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट आने वाली 7 उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया और रनवे के आसपास दो से चार संदिग्ध ड्रोन देखे गए। संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने अलर्ट जारी किया और विमानों की आवाजाही को लेकर तत्काल एहतियाती कदम उठाए।
CISF और पंजाब पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही CISF और पंजाब पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है। रजाला गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की पहचान और उसके एयरपोर्ट क्षेत्र में दिखाई देने के कारणों की जांच कर रही हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
Comments (0)