मुंबई। मुंबई में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा सीखने की समयसीमा को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा फैसला लिया है। अब चालकों को बोलचाल की मराठी सीखने के लिए एक वर्ष का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मुंबई में काम करने वाले लोगों को मराठी सीखनी चाहिए और चालक भी इसे सीखने के इच्छुक हैं।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऑटो-टैक्सी के इस पेशे में अलग-अलग उम्र के लोग काम करते हैं। कई चालकों ने काफी पहले अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी, ऐसे में कम समय में उनके लिए नई भाषा सीखना मुश्किल हो सकता है।

इसी को देखते हुए सरकार ने उन्हें बोलचाल की मराठी सीखने के लिए एक साल की मोहलत देने का फैसला किया है। इस फैसले से मुंबई के हजारों ऑटो और टैक्सी चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।