अयोध्या  श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव के बीच यह फैसला लिया गया है।

जितेंद्र मिश्र भारतीय वायुसेना में 38 साल से अधिक सेवा दे चुके हैं और उनके पास 3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। जनवरी 2025 में उन्होंने पश्चिमी वायु कमान की कमान संभाली थी और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी इस महत्वपूर्ण कमान का नेतृत्व किया।

कांग्रेस ने नियुक्ति पर उठाए सवाल

CEO की नियुक्ति पर कांग्रेस नेता केवीपी रामचंद्र राव ने सवाल उठाते हुए कहा कि भविष्य में अगर कोई तथ्य सामने आता है तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि उनके खिलाफ जांच या कार्रवाई शुरू हो जाए।

वहीं कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, “समय ही बताएगा।” उन्होंने राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई थीं।

ट्रस्ट में कई बड़े बदलाव

ट्रस्ट की बैठक में प्रशासनिक ढांचे में कई बदलाव किए गए हैं। महेश भगचंदका को नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा महेश भगचंदका, मदन मोहन पांडेय और डॉ. निर्मला यादव को नए ट्रस्टी नियुक्त किया गया है।

CEO का पद पहली बार बनाया गया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब ट्रस्ट में दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं और नकद चढ़ावे की गिनती को लेकर भी चर्चा चल रही है।