लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी और सेवा के दौरान मिले अनुभवों को याद किया।

दिव्या मित्तल ने बताया कि साधारण परिवेश से निकलकर उन्होंने IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई की। इसके बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली, लेकिन तमाम उपलब्धियों के बावजूद उन्हें कुछ अधूरापन महसूस होता रहा। अपने देश से जुड़ाव और समाज के लिए कुछ करने की इच्छा उन्हें भारत वापस ले आई।

उन्होंने लिखा कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत इसी देश की मिट्टी से मिली है। इसी ‘मिट्टी का कर्ज’ चुकाने के उद्देश्य से उन्होंने भारत लौटकर IAS अधिकारी बनने का फैसला किया।

देवरिया ने सिखाया जिंदगी का अहम सबक

दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में देवरिया में तैनाती के अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सेवा के दौरान अलग-अलग जिलों में काम करते हुए उन्हें लोगों की समस्याओं, संघर्ष और जमीनी हकीकत को करीब से समझने का अवसर मिला। देवरिया ने उन्हें जीवन और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबक सिखाए।

13 साल की इस यात्रा को विराम देते हुए दिव्या मित्तल ने अपने कार्यकाल को अविस्मरणीय अनुभव बताया। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट चर्चा में है।