परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर, ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की

मेजा/प्रयागराज। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। ग्राम पंचायत अमिलिया कलां में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश के कारण तीन अलग-अलग स्थानों पर कच्चे मकान धराशायी हो गए। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

पहला मामला गांव निवासी स्वर्गीय मानिक चंद्र भारती की पत्नी विमला देवी का है। बारिश के चलते उनका कच्चा मकान पूरी तरह गिर गया। पति की मृत्यु के बाद अकेले जीवन गुजार रही विमला देवी के सामने अब सिर छिपाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल सहायता की गुहार लगाई है।

दूसरे मामले में राजाबाबू भारती का कच्चा मकान भी बारिश की चपेट में आकर गिर गया। मकान का मलबा नाली में जा गिरने से नाली पूरी तरह बंद हो गई है। इसके कारण आसपास जलभराव की स्थिति बन गई है और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, तीसरे मामले में झल्लर भारती के पुत्र दीपचंद और रूपचंद का कच्चा मकान भी बारिश का दबाव नहीं झेल सका और भरभराकर गिर गया। परिवार के सामने भी आवास का संकट पैदा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही युवा प्रधान प्रत्याशी शैलेश कुमार कुशवाहा (पत्रकार) मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी से मौके पर पहुंचकर जांच कराने की मांग की। साथ ही तीनों प्रभावित परिवारों को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग प्रशासन से की।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मदद नहीं मिली तो बारिश के बीच गरीब परिवारों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।