कुरहुआ गांव का मामला, पत्थर उखाड़ने, विवाद करने और धमकी देने का आरोप

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआ गांव में जमीन का विवाद एक बार फिर सामने आया है। पेमाइश के बाद राजस्व व पुलिस की मौजूदगी में कब्जा दिलाई गई जमीन पर दोबारा कब्जे की कोशिश के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुरहुआ निवासी ओम प्रकाश यादव की तहरीर पर दयानाथ पांडेय और उनके पुत्र दीपक पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, विवादित जमीन की तीन जून को पेमाइश कराई गई थी। इसके बाद राजस्व व पुलिस की मौजूदगी में उन्हें जमीन पर कब्जा दिलाया गया था। आरोप है कि दो अगस्त को ओम प्रकाश यादव धान की बुआई के लिए खेत पहुंचे। इसी दौरान दयानाथ पांडेय और दीपक पांडेय भी वहां पहुंच गए और जमीन पर अपना अधिकार बताते हुए विवाद करने लगे।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने पेमाइश के दौरान जमीन की सीमा पर लगाई गई पत्थर गाड़ी उखाड़कर फेंक दी। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने के साथ ही जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने तहरीर में दयानाथ पांडेय के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज होने का दावा किया है। इनमें धारा 302, 419, 420, 467 और 468 समेत अन्य धाराओं से जुड़े मामलों का उल्लेख किया गया है। हालांकि इन पुराने मुकदमों की संख्या, आरोपों और उनकी मौजूदा न्यायिक स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पेमाइश और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद उसी जमीन को लेकर दोबारा विवाद सामने आने से मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।