अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की बैठक में एकता-अखंडता पर मंथन, अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचने का आह्वान

वाराणसी। सरहदों पर वर्षों तक देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिक अब समाज के बीच राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को और मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसी संकल्प के साथ रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत की पदाधिकारी बैठक मैक्सवेल सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सैनिक के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होता है। वर्दी से सेवानिवृत्ति हो सकती है, लेकिन राष्ट्र के प्रति उसका कर्तव्य और समर्पण कभी समाप्त नहीं होता। पूर्व सैनिकों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि भाषा, पंथ, संप्रदाय, राज्य और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी भारतीयों की राष्ट्रीय पहचान एक है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने वाली शक्तियों के प्रति समाज को सजग करने में पूर्व सैनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारने पर भी विशेष जोर दिया गया। पूर्व सैनिकों ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, दलित, शोषित और वंचित लोगों के बीच पहुंचकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत के संगठन मंत्री डॉ. केएन पांडेय के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश रहे। अति विशिष्ट अतिथि सह प्रांत कार्यवाह राकेश तथा विशिष्ट अतिथि कैप्टन इंदल सिंह चंदेल रहे। अध्यक्षता इंजीनियर रेवती रमण तिवारी ने की, जबकि संचालन प्रांत महासचिव सुदीप मिश्रा ने किया।

बैठक में कैप्टन बालचरण मौर्य, कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, सूबेदार अनिल ओझा, सूबेदार सर्वजीत मिश्रा, राम अवतार पाल, कैप्टन यूएन यादव, सूबेदार मेजर नरेंद्र तिवारी, वारंट अफसर संतोष तिवारी, सूबेदार धीरज सिंह, सूबेदार राज नारायण मौर्य, कैप्टन रमेश शर्मा, दीनदयाल नगर के सभासद, सूबेदार सुरेश कुमार सैनी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।