नई दिल्ली। दिवाली के जश्न के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की घटनाओं ने खुशियों के माहौल में दहशत पैदा कर दी। दिल्ली, गाजियाबाद, मुंबई, जम्मू-कश्मीर, पटना और सिक्किम समेत कई शहरों में फैक्ट्रियों, गोदामों और रिहायशी इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह कहीं पटाखों की चिंगारी तो कहीं शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
गाजियाबाद की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग
गाजियाबाद के विजयनगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नोवा बोल्ट नामक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने का कच्चा माल और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। आग पर काबू पाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया। ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के चलते दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दिल्ली की गारमेंट फैक्ट्री में लगी आग
राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र के नांगली सकरावती इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई। दमकल विभाग को शाम करीब 4:22 बजे घटना की सूचना मिली। कपड़ों की फैक्ट्री होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा था। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग की 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद इमारत को ठंडा करने के लिए कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया।
नरेला की रबर फैक्ट्री भी आग की चपेट में
दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में भी एक रबर फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
दिवाली के दौरान लगातार सामने आई इन घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के दौरान पटाखों और बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।
Comments (0)