मुरादाबाद। दीपावली की रात जब पूरा देश रोशनी और खुशियों के जश्न में डूबा था, उसी दौरान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गोलियों की आवाज से सनसनी फैल गई। मझोला थाना क्षेत्र में एक होटल और चाय की दुकान पर युवकों के बीच हुए विवाद में 17 वर्षीय अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित खातिरदारी होटल और चाय की दुकान पर कुछ युवक बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक हमलावर ने गोली चला दी, जो वहां मौजूद 17 वर्षीय अब्दुल्ला को जा लगी।

गोली लगते ही होटल के अंदर भागा किशोर

गोली लगने के बाद अब्दुल्ला जान बचाने के लिए होटल के अंदर की ओर भागा, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

हत्या की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में गोली लगने के बाद किशोर को भागते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही होटल संचालकों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।