नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर में छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक छात्रा से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में एक छात्र ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित छात्र सौरभ की दाईं आंख की रोशनी चली गई। इसके अलावा उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बराक हॉस्टल के कमरे में हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे जेएनयू परिसर स्थित बराक हॉस्टल के कमरा नंबर 119 में हुई। भाषा विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र सौरभ पर आरोपी छात्र अजय ने चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को एक छात्रा के साथ सौरभ की बढ़ती दोस्ती पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसने हिंसक रूप ले लिया।

हमले में सौरभ के सिर, चेहरे, हाथ और दाईं आंख पर गंभीर चोटें आईं। उसकी आंख की रोशनी जाने की बात सामने आई है।

हाथापाई में चार छात्र घायल, छात्रा की शिकायत पर FIR

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी अजय को भी चोटें आईं। बीच-बचाव और हाथापाई के दौरान तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए। इस तरह घटना में कुल चार छात्र घायल हुए हैं।

पीड़ित की महिला मित्र की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को वसंत कुंज उत्तरी थाने में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने एफआईआर दर्ज होने और मामले की जांच किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शनिवार शाम तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं होने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस विवाद की वजह, हमले की परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है। विश्वविद्यालय परिसर में हुई इस घटना ने छात्र सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।