नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। कहीं कोहरे और धुंध का असर दिखाई दे रहा है तो कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

दिल्ली में 15 नवंबर तक कोहरे का असर

राजधानी दिल्ली में आज मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 15 नवंबर तक सुबह के समय कोहरे का असर बने रहने का अनुमान है। हालांकि, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में सुबह छाएगा कोहरा

उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। 11 नवंबर को मेरठ, शामली, सहारनपुर, वाराणसी और गाजीपुर समेत पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कोहरे का असर रहने की संभावना है।

बिहार में धुंध, झारखंड में बारिश के आसार

बिहार में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। वहीं झारखंड में 10 और 11 नवंबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क

राजस्थान में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आंधी, गरज-चमक या तेज हवाओं को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है।

मध्य प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

मध्य प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे सर्दी का असर तेज होने की संभावना है।

हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ मैदानी क्षेत्रों के मौसम पर भी असर पड़ने की संभावना है।