प्रयागराज। दधिकांदों मेला के सकुशल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को संगम सभागार में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की सहअध्यक्षता में मेला आयोजन समितियों के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेला आयोजन समितियों के सदस्यों से आयोजन को लेकर सुझाव मांगे गए। समिति के सदस्यों ने ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों, साफ-सफाई और खराब मार्गों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को मेला स्थलों और मार्गों का निरीक्षण कर ढीले व जर्जर तारों को ठीक कराने तथा सड़क पर लगे ट्रांसफार्मरों को आवश्यकतानुसार शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों के अपर नगर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को स्वयं मेला क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। उन्होंने नगर निगम को साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, जल निगम को पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने तथा लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम को मेला मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
मेला रूट पर पड़ने वाले सीवर के ढक्कनों की भी जांच कराने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं भी सीवर का ढक्कन खुला मिले तो उसे तत्काल बंद कराया जाए, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। विद्युत विभाग को मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ गलियों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थलों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं अग्निशमन विभाग को संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मेला समितियों से अपने-अपने वालंटियर नियुक्त कर उनकी सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि भीड़ प्रबंधन में सहयोग मिल सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मेला रूट पर पेड़ों की छंटाई कराने के साथ यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि मेले में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यक स्थानों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और दधिकांदों मेला आयोजन समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
Comments (0)