वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत लोहता थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है।
मामले के अनुसार, बीते 18 मई 2026 को किशोरी के पिता ने लोहता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से कपड़ा सिलवाने की बात कहकर निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उप-निरीक्षक मो. आरिफ खान को जांच सौंपी थी।
लोहता थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 2 अगस्त 2026 की शाम करीब 05:45 बजे मुड़ैला तिराहे के पास से आरोपी अर्जुन विश्वकर्मा (उम्र 31 वर्ष), निवासी चितौनी (थाना लोहता, वाराणसी) को गिरफ्तार कर लिया।
इस सफलता में लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय, उ.नि. मो. आरिफ खान, उ.नि. कौशल कुमार सिंह और महिला आरक्षी साधना सरोज की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments (0)