प्रयागराज : मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को गांधी सभागार में अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम बेलहट (तहसील कोरांव) की शैक्षिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उप निदेशक श्रम एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अटल आवासीय विद्यालय बेलहट का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय ने प्रदेश के सभी अटल आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर मण्डलायुक्त ने प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर कक्षा-10 में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र हर्षित तथा 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बालिकाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मोनिका को मण्डलायुक्त ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों की सफलता को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मण्डलायुक्त ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के लिए एक माह का ब्रिज कोर्स संचालित करने तथा इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यक्तित्व विकास, पब्लिक स्पीकिंग, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
बैठक में विद्यालय की सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को अप्रैल माह में धनराशि उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संस्था को 10 दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि समयसीमा का पालन न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय में नियमित कूड़ा निस्तारण की समस्या पर भी चर्चा हुई। मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर पंचायत कोरांव के माध्यम से नियमित रूप से ठोस अपशिष्ट का उठान सुनिश्चित कराया जाए। इसके अलावा विद्यालय की विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए एलटी एवं एचटी पैनल, भूमिगत केबल तथा एचटीपी प्लांट के वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध की आवश्यकता पर बल देते हुए विद्युत विभाग को शीघ्र अनुमान तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त खेल मैदान उपलब्ध कराने हेतु भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उप श्रमायुक्त सुमित कुमार, अटल आवासीय विद्यालय बेलहट के प्रधानाचार्य गोपाल मिश्र, डायट प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)