वाराणसी/प्रयागराज। बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार का शुक्रवार को प्रयागराज दौरा चर्चा का विषय बना रहा। अपनी बेटी शिवांगी की शादी का निमंत्रण देने निकले अनंत सिंह के साथ पटना से प्रयागराज तक सैकड़ों गाड़ियों का काफिला दिखाई दिया। रास्ते में कई जगह समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
50 गाड़ियों से शुरू हुआ काफिला, रास्ते में बढ़ती गई भीड़
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह जब पटना से रवाना हुए तो उनके साथ करीब 50 लग्जरी गाड़ियां थीं। बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए जैसे ही उनका काफिला उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ, समर्थकों की गाड़ियां लगातार जुड़ती गईं। चंदौली, रामगढ़ और वाराणसी तक पहुंचते-पहुंचते काफिले में सैकड़ों गाड़ियां शामिल हो गईं।
भाजपा विधायक सुशील सिंह को दिया शादी का निमंत्रण
चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सुशील सिंह से भी अनंत सिंह ने मुलाकात की और उन्हें बेटी की शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा। मुलाकात के बाद सुशील सिंह ने अनंत सिंह की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा और मजबूत व्यक्ति बताया।
जेसीबी से हुई फूलों की बारिश
चंदौली और रामगढ़ में समर्थकों ने अनंत सिंह के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए थे। हाईवे किनारे जेसीबी मशीनें खड़ी की गईं और उनके गुजरने के दौरान ऊपर से फूल बरसाए गए। इस दौरान 'छोटे सरकार जिंदाबाद' के नारों से इलाका गूंज उठा।
अनंत सिंह के इस दौरे के दौरान बड़े काफिले, समर्थकों की भीड़ और रास्ते में हुए स्वागत ने बिहार से लेकर पूर्वांचल तक राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खूब चर्चा बटोरी।
Comments (0)