नई दिल्ली। दिवाली से पहले ही राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है। बढ़ते प्रदूषण और घने स्मॉग ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 382 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। वहीं, कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचने से स्थिति गंभीर हो गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग में सबसे अधिक 453 AQI दर्ज किया गया। इसके बाद जहांगीरपुरी में 447 और रोहिणी में 444 रहा। कुल 58 निगरानी केंद्रों में से 26 पर हवा गंभीर श्रेणी में, 31 पर बेहद खराब और केवल लोधी रोड केंद्र पर खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत तीसरे चरण के प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।
वाहनों का धुआं प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह
दिल्ली के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार, प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 17.9 प्रतिशत रही। इसके बाद पराली जलाने का योगदान रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, वाहनों का धुआं, पराली जलाना और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां प्रदूषण को और बढ़ा रही हैं।
गुरुवार को दिल्ली का औसत AQI 369 था, जो शुक्रवार को बढ़कर 382 हो गया। आशंका जताई जा रही है कि दिवाली के दौरान पटाखों और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों के कारण राजधानी की हवा और जहरीली हो सकती है।
Comments (0)