चंदौली। महेशुआ नई बाजार स्थित आस्ताना आलिया कादरिया में सैयदना मुरशिदना पीर रौशन जमीर अश्शाह सरकार वली मुहम्मद कादरी रहमतुल्लाह अलैह का 53वां उर्स मुबारक श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया। उर्स के दौरान दूर-दराज़ से हजारों की संख्या में अकीदतमंद पहुंचे।
उर्स की सबसे आकर्षक रस्म चादरपोशी रही। चादर का जुलूस हाजी डॉ. जलालुद्दीन के आवास से निकला, जिसमें हाथों में मटका लेकर बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते "या सरकार" और दरूद-ओ-सलाम की सदाओं के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा वली मुहम्मद कादरी की दरगाह पर चादर पेश की।
इस दौरान हिंदू-मुस्लिम सहित सभी धर्म और जातियों के लोगों ने एक साथ चादरपोशी कर आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की। पूरे आयोजन में सामाजिक सौहार्द और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
उर्स में सांसद वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन, विधायक प्रभु नारायण, विधायक सुशील सिंह (सैयदराजा), पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू', क्षेत्र के प्रधान, बीडीसी, सभासद, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने (लंगर) की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. जुल्फेकार अहमद, डॉ. सुनील सिंह, वसी, डॉ. अमजद, कासिम रजा, काशीनाथ, मोहम्मद तौफ़ीक़, रफीक अंसारी, रहीस भाई सहित पूरे गांव के लोगों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई।
53वें उर्स मुबारक का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का भी जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
Comments (0)