चन्दौली। जनपद में चलाए जा रहे "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत धानापुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने इंस्टाग्राम पर "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से आईडी बनाकर दहशत फैलाने वाले संदेश पोस्ट किए और नाबालिग से करीब 6 लाख रुपये नकद तथा 27,500 रुपये ऑनलाइन वसूल लिए।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग की मां ने थाना धानापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कस्बा धानापुर निवासी आयुष कुमार पुत्र गोपाल कुमार मौर्या फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से उनके पुत्र को लगातार भयभीत करता था। इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर रंगदारी और प्रशासन को चुनौती देने वाले संदेश लिखकर उसने अपनी गैंगस्टर जैसी छवि बना रखी थी। आरोप है कि उसने नाबालिग को जान से मारने तथा उसके माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी देकर लगभग 6 लाख रुपये नकद और विभिन्न तिथियों में 27,500 रुपये फोनपे के माध्यम से वसूल किए।

मामले में थाना धानापुर पर मु0अ0सं0 125/2026 के तहत धारा 308(5), 316, 351(3) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी और चार पहिया वाहन खरीदने तथा अपने शौक पूरे करने के लिए नाबालिग को धमकाकर रुपये वसूले। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वसूली गई पूरी रकम अपने निजी शौक और घूमने-फिरने में खर्च कर दी। बाद में उसने अपने कृत्य पर खेद भी व्यक्त किया।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया है। वहीं गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक चन्देश्वर सिंह तथा कांस्टेबल मनोज कुमार और शमशीद शामिल रहे।