चंदौली। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर सतपोखरी ग्राम पंचायत के प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी की कलाई पर बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। हर वर्ष की तरह इस बार भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम की महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रधान को अपना भाई मानकर राखी बांधी।

राखी बांधने से पहले बहनों ने प्रधान की आरती उतारी, तिलक लगाया और रक्षा कवच बांधकर उनके मंगलमय जीवन की कामना की। प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी ने भी बहनों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद व सम्मान दिया।

विशेष बात यह रही कि मुस्लिम समुदाय से होने के बावजूद प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी हर वर्ष पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ रक्षा बंधन का पर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और सम्मान का प्रतीक है तथा सभी धर्मों का सम्मान करना हमारी साझा संस्कृति की पहचान है।

सुबह से ही बहनों का प्रधान आवास पर आना-जाना लगा रहा। प्रधान ने भी अपने अन्य कार्यों को छोड़कर बहनों का इंतजार किया और सभी से स्नेहपूर्वक राखी बंधवाई।

इस अवसर पर सरिता देवी (आंगनवाड़ी कार्यकर्ता), सुनीता देवी, रीना चौहान, जामवंती देवी एवं बिंदु देवी सहित कई महिलाओं ने प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। रक्षा बंधन का यह आयोजन क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देता नजर आया।