फूलपुर। फूलपुर क्षेत्र के लतीफपुर बरना गांव में श्री रामचरितमानस पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। चंदन सोनी एवं कार्तिकेय सोनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीराम का स्मरण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री रामचरितमानस का पाठ कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजकों ने बताया कि रामचरितमानस पाठ के समापन के बाद बरना महादेव मंदिर में 101 निशान चढ़ाए जाएंगे। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। निशान चढ़ाने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के मुताबिक बरना महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के चलते यहां विभिन्न अवसरों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। रामचरितमानस पाठ के बाद 101 निशान चढ़ाने का कार्यक्रम भी इसी आस्था और परंपरा से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम में सीताराम सोनी, गुलशन सोनी, राज सोनी, विष्णु सोनी, गुरु महाराज गुलाब धर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान श्रीराम और महादेव का स्मरण करते हुए परिवार एवं क्षेत्र में सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
धार्मिक आयोजन को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की अपील की है।
Comments (0)