राजातालाब। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में राजातालाब पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जगरदेवपुर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग का दावा किया है, जिसमें विवेक के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी जक्खिनी भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देसी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम मरुई निवासी 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त 2026 को लापता हुई थीं। 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में मिला था। मामले में राजातालाब थाने में मुकदमा संख्या 157/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने इससे पहले 24 अगस्त को पुनीत मिश्रा और 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
शादी कहीं और तय होने से नाराजगी का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विवेक चौबे ने बताया कि श्रेया की शादी अन्यत्र तय होने से वह नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से उसने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या की।
रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जगरदेवपुर के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध विवेक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 3(5), 238(क) बीएनएस तथा 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार समेत 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments (0)