चंदौली।पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चंदौली जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन अभियान के तहत सोमवार को चार थानों से संबंधित 15 अभियोगों में बरामद कुल 990.730 किलोग्राम अवैध गांजा का नियमानुसार फूँक दिया गया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के पर्यवेक्षण में जिला स्तरीय समिति गठित कर यह कार्यवाई की गई। थाना मुगलसराय इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्री गणेश प्लाईवुड उद्योग प्राइवेट लिमिटेड में मानक एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गांजे का विनष्टीकरण कराया गया। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी राम कुमार यादव, संबंधित अभियोगों के विवेचक एवं थानों के हेड मोहर्रिर मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, न्यायालय से निर्गत आदेश के अनुपालन में संबंधित मुकदमों के मालों का सत्यापन कराने के बाद सुरक्षित स्थान पर निर्धारित मानकों के अनुसार विनष्टीकरण की कार्यवाई पूरी की गई।