मेजा (प्रयागराज)। विकास खंड मांडा के ग्राम पंचायत डिघिया में ग्राम प्रधान के पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान भी एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं हो सका। लिंक मार्ग से प्रेम भारती के घर के बगल से शिव कुमार विश्वकर्मा के घर होते हुए शंकर जी के मंदिर तक जाने वाला लगभग 50 मीटर लंबा रास्ता आज भी बदहाल स्थिति में है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव के सैकड़ों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और श्रद्धालु प्रतिदिन शंकर जी के मंदिर तक आते-जाते हैं। बरसात के मौसम में रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जबकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से इस मार्ग के निर्माण की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण करा दिया जाता तो बरसात के दिनों में उन्हें इतनी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।
इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। गांव के लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का लाभ तभी सार्थक होगा, जब ऐसी बुनियादी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए।
Comments (0)