चंदौली जनपद के सतपोखरी में ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर 05 सितंबर 2026 को विशाल मेले का आयोजन होगा। मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 05 सितंबर की सुबह से ही दुकानों का सजना शुरू हो जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार इस ऐतिहासिक मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। मेले में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। खिलौनों, मिठाइयों, खान-पान और घरेलू सामान सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजेंगी,जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहेगा। भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।

मेले में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। भीड़ के बीच चोर-उचक्कों के सक्रिय होने की आशंका को देखते हुए पुलिस विशेष निगरानी रखेगी। दुल्हीपुर चौकी की पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को इतने बड़े मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने की बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रशासन ने मेले में आने वाले लोगों से सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।