काशी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने और बाढ़ का पानी सड़कों, खेतों व गांवों तक फैलने की स्थिति को देखते हुए शनिवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने सिंधिया घाट पर मां गंगा की आरती उतारकर दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान बाढ़ का संकट टलने और जलस्तर घटने की सामूहिक प्रार्थना की गई।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में महर्षि वेद विज्ञान विश्व विद्यापीठम के वेदपाठी बटुकों और उपस्थित नागरिकों ने गंगाष्टकम का पाठ कर मां गंगा से जलस्तर और न बढ़ने की प्रार्थना की। स्वयंसेवकों ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का पाठ कर देवाधिदेव महादेव से भी बाढ़ का संकट दूर करने की कामना की।

राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आरती और दुग्धाभिषेक कर जलस्तर घटने की प्रार्थना की गई है। मां गंगा और महादेव से कामना है कि तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित रहें, जनजीवन सामान्य बना रहे और किसी प्रकार की जन-धन की हानि न हो।

प्रार्थना में रिया श्रीवास्तव, सारिका श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्रा, प्रियांशु शुक्ला सहित नमामि गंगे के सदस्य और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।