वाराणसी /रोहनिया। करसड़ा गांव के सामने शनिवार देर रात अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रोहनिया पुलिस ने ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान आनंद यादव (बभनी, सोनभद्र) की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मऊ निवासी गुलशन यादव और आनंद यादव साधो-माधो, मिर्जापुर में किराए के मकान में रहते थे। दोनों बाइक से अखरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। इसी दौरान करसड़ा गांव के सामने अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान आनंद यादव ने दम तोड़ दिया। मृतक सेंटरिंग में पाइप का काम करता था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। पत्नी पुष्पा देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रैक्टर की तलाश में जुटी है।
Comments (0)