वाराणसी। सावन के पावन अवसर पर संचय हेल्थ क्लब द्वारा आईएमए भवन में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 200 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। चौक क्षेत्र के सभासद इंद्रेश कुमार के प्रबंधन और शहर दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी के सहयोग से आयोजित इस शिविर को आईएमए का ऐतिहासिक रक्तदान अभियान बताया गया।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जनकल्याण है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल आईएमए अत्याधुनिक तकनीक,
संक्रमण सुरक्षा मानकों, सुसज्जित प्रयोगशाला और आधुनिक सुविधाओं के कारण रक्त उपलब्ध कराने के लिए सबसे भरोसेमंद संस्थानों में शामिल है। डॉ. टंडन ने बताया कि आईएमए सामाजिक संस्थाओं को रक्तदान शिविर आयोजित कराने में हर संभव सहयोग देगा।
प्रत्येक रक्तदाता को तीन माह तक वैध डोनेशन कार्ड प्रदान किया जाएगा। यदि भविष्य में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर रक्तदाता उपलब्ध न हो तो यही कार्ड दिखाकर बिना तत्काल रक्तदान कराए भी रक्त प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
Comments (0)