चंदौली। जनपद में पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद किया। बिहार से दिल्ली जा रही KIA Carens कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में सोना छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार स्वाट/SOG टीम को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens में दो लोग अवैध सोना लेकर बिहार से दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर नवही पुलिया हाईवे पर चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार भगाकर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख, निवासी शांगली, महाराष्ट्र तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने मनीष कुमार, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बताया। वाहन भगाने का कारण पूछने पर दोनों ने गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स में सोना छिपाकर दिल्ली ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर बॉक्स खुलवाया तो कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे सेलो टेप से लपेटकर रखी दो सिल्लियां मिलीं। दोनों ने इसे सोना बताया, लेकिन इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।

बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को दी गई। अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी वैल्यूअर/सुनार से सोने की जांच और तौल कराई गई। इसका कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम निकला और अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई। आयकर विभाग ने प्रारंभिक जांच में इसे विदेश में निर्मित सोना बताया है।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया। दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।