चंदौली।चकिया थाना क्षेत्र में डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची के परिजन ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहन प्रजापति पुत्र छेदी, निवासी वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर, कस्बा चकिया, बच्ची को घर पर खिलाने के बहाने बाहर ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और करीब डेढ़ घंटे बाद उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मु.अ.सं. 217/2026 के तहत धारा 65(2) बीएनएस तथा धारा 5M/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन प्रजापति को इंटर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त को वह नाबालिग बच्ची को उसके घर से बाहर ले गया और ऑटो संख्या यूपी67 बीटी 6703 में बैठाकर मोहम्मदाबाद की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की और बाद में उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन प्रजापति पुत्र छेदी, निवासी वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर, थाना चकिया, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अतुल कुमार शामिल रहे।
Comments (0)