चंदौली। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को संयुक्त कार्यवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, टीम एनएच-19 स्थित सिंघीताली पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अर्बन क्रूजर को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने पुलिसकर्मियों को वाहन से कुचलने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से रॉयल ग्रीन की 100 बोतल (750 एमएल), 312 बोतल (375 एमएल) और व्हाइट एंड ब्लू की 216 बोतल (375 एमएल) शराब बरामद हुई।
जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट यूपी32एमक्यू9312 फर्जी पाई गई। चेसिस नंबर की जांच करने पर वाहन का वास्तविक नंबर एचआर87जे1833 मिला। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां शराबबंदी के कारण उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मयंक रावत (28) निवासी फरीदाबाद, हरियाणा और शुभम तिवारी (35) निवासी फतेहपुर, हाल पता फरीदाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलीनगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाई शुरू कर दी है।
Comments (0)