बच्छांव में बंद कमरे से सड़ी-गली हालत में बरामद हुई लाश, चाबी लेकर पहुंची मां तो खुला मौत का राज; प्रेमी फरार

वाराणसी/रोहनिया। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव में तीन दिन से लापता 24 वर्षीय एमएससी छात्रा का शव उसके कथित प्रेमी के कमरे के बाथरूम से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे कमरे का दरवाजा खुलते ही अंदर से तेज दुर्गंध उठी। बाथरूम में छात्रा का सड़ी-गली हालत में शव पड़ा था। शव देखते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से छात्रा का कथित प्रेमी फरार बताया जा रहा है।

मृतका की पहचान राजातालाब क्षेत्र के मरुई जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय के रूप में हुई है। श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, वह 18 अगस्त को सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो उसकी लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली। पुलिस वहां पहुंची तो संदिग्ध कमरे पर ताला लगा मिला। परिजनों का आरोप है कि कमरे का ताला नहीं खोला गया और पुलिस वापस लौट गई। इसके बाद परिवार अपने स्तर से छात्रा की तलाश में जुटा रहा।

जांच के दौरान छात्रा के कथित प्रेमी विवेक चौबे का नाम सामने आया। चोलापुर के नियार गांव निवासी विवेक का ननिहाल जमुनी गांव में बताया गया है। परिजनों के अनुसार, विवेक का अक्सर इस क्षेत्र में आना-जाना था और इसी दौरान उसकी श्रेया से मुलाकात हुई। दोनों के बीच दोस्ती के बाद प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि विवेक बच्छांव में किराए का कमरा लेकर रहता था।

20 अगस्त को श्रेया की मां और उसका चचेरा भाई विवेक के मामा के घर मिर्जापुर के सीखड़ पहुंचे। वहां विवेक के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि वह वहां मौजूद नहीं है। इसी दौरान उसका एक बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर कमरे की चाबी बरामद हुई। चाबी लेकर श्रेया की मां बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचीं।

कमरे के दरवाजे पर चाबी लगाते ही ताला खुल गया। दरवाजा खुलते ही अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी। परिजन जब कमरे के भीतर पहुंचे तो बाथरूम में श्रेया का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

परिजनों ने छात्रा के कथित प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि श्रेया की शादी भी तय हो चुकी थी और इसी को लेकर विवाद की आशंका है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगा।

ACP आलोक प्रियदर्शी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती के प्रेमी की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। छात्रा की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।