मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के उरुवा विकासखंड अंतर्गत ऊपरौरा लोहारी गांव की सोनकर बस्ती में बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के दौरान पन्ना सोनकर का परिवार घर के अंदर मौजूद था, लेकिन संयोगवश सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि लगातार बारिश के चलते पन्ना सोनकर का कच्चा मकान कमजोर हो गया था। मंगलवार को अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और देखते ही देखते पूरा कच्चा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। मकान के अंदर रखा परिवार का खाने-पीने का सामान और अन्य घरेलू सामग्री भी मलबे में दब गई। वहीं, परिवार की बकरियां भी मकान के मलबे की चपेट में आ गईं।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में कई परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं और लगातार बारिश के कारण ऐसे मकानों पर खतरा बढ़ गया है।
हादसे के बाद पन्ना सोनकर के परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, खाद्यान्न और सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही गांव में अन्य जर्जर कच्चे मकानों का सर्वे कराकर संभावित हादसों को रोकने की मांग की गई है।
Comments (0)