प्रयागराज। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर 24 अगस्त 2026 को श्री सिद्धेश्वर पहाड़ी महादेव मंदिर में सनातन व्यवस्था सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद भंडारे में पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। दोपहर तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे रहे।

सनातन व्यवस्था सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। ट्रस्ट ने “सेवा ही संगठन, संगठन ही शक्ति” और “एक कदम सेवा की ओर, एक कदम ईश्वर की ओर” के संदेश के साथ भंडारे का आयोजन किया।

आयोजन को सफल बनाने में संचालक नवनीत तिवारी, सचिव सूर्य प्रकाश यादव (बलराम), कोषाध्यक्ष श्याम जी केशरी, जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला मंत्री आलोक शुक्ला, जिला उप मंत्री मोनू पांडे समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। मंडल अध्यक्ष संदीप कुमार एडवोकेट, विनीत मिश्रा, शंभू नाथ जायसवाल सहित सक्रिय सदस्यों और व्यवस्थापक टीम ने श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं संभालीं। मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह, सुनीत तिवारी और अतुल मिश्रा भी आयोजन में सक्रिय रहे।

भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।