मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के सोनार का तारा में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के दिन दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार रमेश कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोनार का तारा स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि रमेश कुमार तिवारी रक्षाबंधन पर्व पर अपने परिवार के साथ राखी बंधवाने गए थे। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने के बाद वह बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह सोनार का तारा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे मैजिक वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश बाइक से सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। लोगों ने दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को उचित सहायता दिलाए जाने की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। वहीं हादसे के बाद मैजिक चालक के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की खबर जैसे ही रमेश कुमार तिवारी के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
Comments (0)