मेजा, प्रयागराज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर मेजा क्षेत्र के विकासखंड उरुवा अंतर्गत अमीलहवा चौराहे पर शुक्रवार को बाजार में काफी चहल-पहल देखने को मिली। सुबह से ही राखी, मिठाई, कपड़े और उपहार की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। पर्व को लेकर बाजार में महिलाओं और युवतियों की विशेष भीड़ रही।
रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए रंग-बिरंगी राखियों की खरीदारी की। दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन और कीमतों की राखियां उपलब्ध होने के कारण ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी करते नजर आए। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोगों ने पर्व के लिए मिठाई, फल और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की।
अमीलहवा चौराहे पर बढ़ी भीड़ के कारण दिनभर बाजार में आवागमन भी प्रभावित रहा। दुकानों के सामने ग्राहकों की भीड़ और सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से कई बार जाम जैसी स्थिति बनी। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन पर्व को लेकर इस बार बाजार में अच्छी खरीदारी हो रही है। पर्व के चलते मिठाई, राखी और उपहार की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही।
बाजार में उमड़ी भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। देर शाम तक अमीलहवा चौराहे पर बाजार गुलजार रहा और रक्षाबंधन की खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।
Comments (0)