प्रयागराज। करछना क्षेत्र के समाजवादी सेवक एवं समाजवादी पार्टी से जुड़े इंजीनियर जगदीश सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समाज और जनता की सेवा करना उनका कर्तव्य है तथा वे समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पित होकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते रहेंगे।

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और सरकार बनने पर युवाओं एवं छात्रों के हित में कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को बिना इंटरव्यू और बिना जांच के नौकरी देने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रयागराज में हाल ही में हुए धरना-प्रदर्शन के बाद छात्रों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना एक साजिश है और छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई भाजपा की राजनीतिक चाल का हिस्सा है। उन्होंने गिरफ्तार छात्रों की शीघ्र रिहाई की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।