वाराणसी। पुलिस आयुक्त महोदय के आदेश के क्रम में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-05 के तहत थाना मंडुवाडीह क्षेत्र के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी मंडुवाडीह दिगंबर उपाध्याय ने किया। इस दौरान पुलिस टीम एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनसे बचाव के उपाय तथा किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस से मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को 112, 108, 1090, 1076, 1930 एवं 9670705555 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनकी उपयोगिता समझाई गई। पुलिस ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़खानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।

अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों के आसपास घूमने वाले संदिग्ध एवं मनचलों की चेकिंग कर आवश्यक कार्रवाई भी की गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को नवीन मिशन शक्ति केंद्र तथा सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति के 360 डिग्री कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी।