वाराणसी। मिशन शक्ति-6 के तहत लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने छोटा लालपुर स्थित एस.पी.एल.सी. माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को 1090, 181, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए मुसीबत के समय मदद लेने के तरीके बताए। पोस्टर, चार्ट और जागरूकता रैली के जरिए बच्चों ने नारी सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया।

रैली में बच्चों ने “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान—यही है मिशन शक्ति अभियान” और “नारी को सशक्त बनाना है” जैसे नारे लगाए। अभियान में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आकांक्षा मिश्रा, महिला कांस्टेबल रीमा, मोनिका तिवारी और अनीता ने सक्रिय भूमिका निभाई।