वाराणसी। एपेक्स हॉस्पिटल किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर, भिखारीपुर में चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में एक भावुक और प्रेरणादायक घटना घटी। नवरात्रि के दौरान संपन्न सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद माँ और बेटे दोनों को स्थिर स्वास्थ्य अवस्था में पुष्पगुच्छ भेंट कर पुष्प-वर्षा के साथ अस्पताल से विदाई दी गई। माँ ने निःस्वार्थ भाव से अपनी किडनी दान कर बेटे को नई जिंदगी का अवसर दिया। यह प्रत्यारोपण माँ की ममता, परिवार के अटूट विश्वास और चिकित्सा टीम के समर्पण की मिसाल बन गया। ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कोऑर्डिनेटर सनी, प्रबंधक संदीप एवं मनमोहन सहित पूरी ट्रांसप्लांट टीम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर के कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से सफल किडनी ट्रांसप्लांट, उपचार और पश्चात देखभाल सुनिश्चित की।
अस्पताल से विदाई के समय परिजनों ने चिकित्सा टीम और अस्पताल प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। बेटे का स्वस्थ होकर घर लौटना पूरे परिवार के लिए राहत, खुशी और नई उम्मीद का भावुक क्षण रहा। इस अवसर पर चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने माँ के साहस और निःस्वार्थ प्रेम को नमन करते हुए माँ-बेटे दोनों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। डिस्चार्ज के दौरान चिकित्सा टीम ने नियमित फॉलोअप, निर्धारित दवाओं का समय पर सेवन, स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण से बचाव संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। किडनी प्रत्यारोपण के बाद निरंतर चिकित्सकीय निगरानी और सलाह का पालन स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है।
Comments (0)