चंदौली।पुलिस विभाग में करीब 40 वर्षों की लंबी सेवा पूरी करने के बाद उप निरीक्षक नंदलाल मिश्रा सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में रविवार को सकलडीहा थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह में थाना प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने उप निरीक्षक नंदलाल मिश्रा की कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि “नंदलाल मिश्रा ने पुलिस सेवा के दौरान पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका व्यवहार सहयोगात्मक रहा और उनके अनुभव से विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों को भी सीख मिली। सकलडीहा में उनके कार्यकाल को पुलिस विभाग हमेशा याद रखेगा।”

उप निरीक्षक कौलेश कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में नंदलाल मिश्रा के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने गीत प्रस्तुत कर भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी। मुख्य आरक्षी राम कमल पाण्डेय ने उनकी अब तक की सेवा यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। अन्य वक्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए उनके कार्यकाल की प्रशंसा की।

बताया गया कि नंदलाल मिश्रा की पुलिस सेवा करीब चार दशक तक व्यापक रूप से रही। सेवा के अंतिम डेढ़ वर्ष उन्होंने सकलडीहा थाने में कार्य करते हुए बिताए। समारोह के अंत में पुलिसकर्मियों और उपस्थित लोगों ने उन्हें सम्मानित कर विदाई दी। इस दौरान एस आई विजय चौहान, नई बाजार चौकी प्रभारी जनक सिंह, डेढ़ावल चौकी प्रभारी अजय शर्मा, मुख्य आरक्षी नविन मौर्य, रामजनम, राकेश यादव, आरक्षी विकास जायसवाल, शुभम पाण्डेय, सौरभ सिंह, सुमित सिंह व पुनीत आदि उपस्थित रहे