राजातालाब। जक्खिनी क्षेत्र के मरुई गांव निवासी श्रेया उपाध्याय हत्याकांड के बाद शनिवार को भी पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्रीय लोग, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि लगातार अनिल उपाध्याय के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

श्रेया के पिता सुनील उपाध्याय और माता रीता उपाध्याय ने आरोपी विवेक के एनकाउंटर की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि श्रेया को धोखे से अगवा कर उसकी हत्या की गई। मां रीता उपाध्याय का कहना है कि बेटी का विवाह तय होने के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। परिवार के मुताबिक आरोपी पहले भी बार-बार धमकी देता था।

परिजनों का आरोप है कि यदि रिश्तेदारों ने समय रहते सतर्कता बरती होती तो घटना को टाला जा सकता था। परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले में कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

शनिवार को आराजी लाइन ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल के प्रतिनिधि एवं अपना दल के वरिष्ठ नेता डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री पंकज सिंह पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मिट्ठू राम प्रजापति और ग्राम प्रधान बबलू सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।