राजातालाब (वाराणसी)। नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के समर्थन में स्थानीय विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए बुधवार सुबह राजातालाब पुलिस ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया।

थाना प्रभारी दयाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और रोहनिया के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल को बीरभानपुर स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया। इस दौरान कन्हैया लाल राजभर, एडवोकेट रंजीत पटेल, विधानसभा अध्यक्ष पखण्डी राम बिंद, महासचिव राजेश यादव, प्रमोद यादव, रेवतीरमण सहित कई सपा कार्यकर्ताओं को भी घरों में ही रोक दिया गया।

उधर, कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा को राजातालाब स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं कांग्रेस के जिला महासचिव अमरेश पटेल, आराजी लाइन ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार मौर्य तथा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वसीम अख्तर को पुलिस ने बीरभानपुर के पास हाईवे किनारे एक चाय की दुकान से हिरासत में लेकर हाउस अरेस्ट किया।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजातालाब क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।