वाराणसी /रोहनिया। बुधवार शाम अचानक हुई तेज बारिश के कारण रोहनिया क्षेत्र के अखरी चौराहे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। बारिश के बीच बड़ी संख्या में वाहनों के आवाजाहि से चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। ऐसे में मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को सुचारु कराने का प्रयास शुरू किया।
हेड कांस्टेबल शिव प्रकाश यादव व ट्रैफिक पुलिसकर्मी तेज बारिश के बीच लगातार सड़क पर डटे रहे। पुलिसकर्मी बारिश में भीगते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे और जहां कहीं यातायात फंस रहा था, वहां पहुंचकर वाहनों को निकलवाते रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मौसम की परवाह किए बिना करीब लगातार यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और वाहनों की अधिकता के बावजूद पुलिसकर्मियों की सक्रियता से धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को बारिश के बीच इस तरह मुस्तैदी से ड्यूटी करते देख राहगीरों ने भी उनकी सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि बारिश के दौरान जब अधिकांश लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, उस समय पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े होकर लोगों की राह आसान बनाने में जुटे थे। हेड कांस्टेबल शिव प्रकाश यादव,अरविन्द और ट्रैफिक पुलिसकर्मि हेड कांस्टेबल रामनारायण की तत्परता ने न सिर्फ जाम से लोगों को राहत दिलाई, बल्कि पुलिस की सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल भी पेश की।
बारिश के बीच पुलिसकर्मियों की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी। लोगों ने कहा कि ड्यूटी केवल मौसम देखकर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर निभाई जाती है, जिसे रोहनिया में तैनात पुलिसकर्मियों ने बारिश के दौरान अपने कार्य से साबित किया।
Comments (0)